इग्नू का 39वां दीक्षांत समारोह 7 को, वाराणसी में 4,092 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह 7 अप्रैल  मंगलवार को देश भर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लगभग 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपाधियां प्रदान की जाएंगी। मुख्य समारोह नई दिल्ली स्थित इग्नू मुख्यालय मैदानगढ़ी में आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। वाराणसी के 4092 विद्यार्थियों को भी उपाधियां वितरित की जाएंगी। 
 

वाराणसी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह 7 अप्रैल  मंगलवार को देश भर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लगभग 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपाधियां प्रदान की जाएंगी। मुख्य समारोह नई दिल्ली स्थित इग्नू मुख्यालय मैदानगढ़ी में आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। वाराणसी के 4092 विद्यार्थियों को भी उपाधियां वितरित की जाएंगी। 

इन्गू द्वारा देश भर के 39 क्षेत्रीय केंद्रों पर भी समानांतर रूप से दीक्षांत समारोह आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी स्थित इग्नू क्षेत्रीय केंद्र द्वारा इस अवसर पर बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय परिसर के महामना सभागार, मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी होंगे।

इग्नू वाराणसी केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ उपेंद्र नभ त्रिपाठी ने बताया कि वाराणसी क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत कुल 4,092 छात्र-छात्राओं को इस दीक्षांत समारोह में उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 2,205 परास्नातक (पोस्टग्रेजुएट) और 1,373 स्नातक (ग्रेजुएट) विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के 429 डिप्लोमा धारक तथा 85 प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष वाराणसी क्षेत्रीय केंद्र के लिए यह समारोह विशेष उपलब्धियों के कारण और भी महत्वपूर्ण बन गया है। केंद्र की दो छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इशिता त्रिपाठी को बी.ए. कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जबकि रोली सिंह को बीए (लोक प्रशासन) में स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, बीकॉम की छात्रा शिवानी भोलेनाथ चौरसिया को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रोफेसर आरके ग्रोवर एवं डॉ. डीके चौधरी नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार विशेष रूप से बीकॉम कार्यक्रम के दिव्यांग विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है।

समारोह में परास्नातक एवं स्नातक कार्यक्रमों के 150 चयनित विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है, जिन्हें मुख्य अतिथि द्वारा मंच पर उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। यह क्षण विद्यार्थियों के लिए बेहद गौरवपूर्ण और यादगार होगा।


इग्नू द्वारा शुरू किए गए नए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए भी यह दीक्षांत समारोह ऐतिहासिक साबित होगा। इस वर्ष पहली बार एमएससी-इन्फॉरमेंशन साइंस, एमएससी-भौतिकी, एमए-फ्रेंच, एमए-ज्योतिष, एमए-हिन्दू अध्ययन, एमए-वैदिक अध्ययन, एमए-संस्कृत के साथ-साथ भारतीय काल गणना एवं वैदिक गणित के प्रमाणपत्र कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी डिग्री प्रदान की जाएगी।