घर में पुराना व खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान हो तो नगर निगम के हेल्पलाइन पर करें संपर्क, घर बैठे उठेगा ई-वेस्ट, मिलेगा उचित मूल्य 

घर में पड़े पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान के निस्तारण के लिए अब काशीवासियों को भटकना नहीं पड़ेगा। नगर निगम ने शहर में ई-वेस्ट के सुरक्षित संग्रह और वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकिलिंग के लिए ‘एडमायबिन’ संस्था को अधिकृत किया है। इसके तहत घर-घर से इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उठान किया जाएगा। ई-वेस्ट देने वाले नागरिकों को संस्था की ओर से उसके बदले उचित मूल्य भी दिया जाएगा।
 

नगर निगम ने शुरू की पिकअप सुविधा, सुरक्षित रिसाइकिलिंग के लिए अधिकृत संस्था करेगी संग्रह

वाराणसी। घर में पड़े पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान के निस्तारण के लिए अब काशीवासियों को भटकना नहीं पड़ेगा। नगर निगम ने शहर में ई-वेस्ट के सुरक्षित संग्रह और वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकिलिंग के लिए ‘एडमायबिन’ संस्था को अधिकृत किया है। इसके तहत घर-घर से इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उठान किया जाएगा। ई-वेस्ट देने वाले नागरिकों को संस्था की ओर से उसके बदले उचित मूल्य भी दिया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर में बढ़ रहे इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य कूड़े में मिलने से रोकने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। निगम की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता सत्र और विशेष संग्रह अभियान भी चलाए जाएंगे। सेवा का लाभ केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा। कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, संस्थानों, उद्योगों और बल्क वेस्ट जनरेटरों से भी ई-वेस्ट का संग्रह किया जाएगा।

इन सामानों का होगा उठान
अभियान के तहत कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल, मॉनिटर, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, टीवी, रेफ्रिजरेटर, फ्रीजर, वॉशिंग मशीन, ड्रायर, एयर कंडीशनर, गीजर और माइक्रोवेव जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लिए जाएंगे। इसके अलावा बैटरी, सेल, चार्जर, केबल, राउटर, स्विच, स्टेबलाइजर, इनवर्टर, यूपीएस, सर्किट बोर्ड, होम थिएटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी संग्रहित किए जाएंगे।

चार चरणों में होगी ई-वेस्ट पिकअप की प्रक्रिया
ई-वेस्ट देने के लिए नागरिकों को सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क करना होगा या उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से पिकअप बुक करना होगा। इसके बाद सुविधानुसार तारीख और समय निर्धारित किया जाएगा। तय समय पर संस्था की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचकर ई-वेस्ट एकत्र करेगी और उसके बदले उचित मूल्य देगी।

संग्रह के बाद ई-वेस्ट को अधिकृत चैनलों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से रिसाइकिलिंग के लिए भेजा जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान को गीले या सूखे सामान्य कचरे में न डालें। उसे अलग रखकर अधिकृत संस्था को ही सौंपें, ताकि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का सुरक्षित निस्तारण हो सके और पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।