ICC चेयरमैन जय शाह पहुंचे वाराणसी, गंजारी स्टेडियम का लिया जायजा, 2 दिसंबर को पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी के गंजारी में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह वाराणसी पहुंचे और गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि आगामी 2 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य स्टेडियम का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि, उद्घाटन कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
 

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता

वाराणसी। पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी के गंजारी में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह वाराणसी पहुंचे और गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि आगामी 2 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य स्टेडियम का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि, उद्घाटन कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी समर्पित है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका अनूठा वास्तुशिल्प है, जिसमें भगवान शिव और काशी की आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिलती है। स्टेडियम का पूरा स्ट्रक्चर महादेव की थीम पर आधारित तैयार किया गया है।

त्रिशूल, डमरू और बेलपत्र के आकार में दिखेगी काशी की पहचान
गंजारी स्टेडियम को पारंपरिक क्रिकेट स्टेडियमों से अलग पहचान देने के लिए इसके निर्माण में काशी के धार्मिक प्रतीकों को विशेष स्थान दिया गया है। यहां फ्लडलाइट के खंभों को भगवान शिव के त्रिशूल का आकार दिया गया है। वहीं, स्टेडियम का पवेलियन डमरू की आकृति में तैयार किया गया है। इसका प्रवेश द्वार बेलपत्र के आकार में बनाया गया है। इस तरह स्टेडियम में प्रवेश करते ही दर्शकों को काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एहसास होगा।

30 हजार दर्शकों की क्षमता, अंतरराष्ट्रीय मैचों की मिलेगी सौगात
गंजारी का यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा। इसके तैयार होने से वाराणसी और आसपास के जिलों के क्रिकेट खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही पूर्वांचल में बड़े क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन का रास्ता भी खुलेगा।

स्टेडियम के शुरू होने से खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। जय शाह के निरीक्षण को उद्घाटन की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि 2 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करते हैं तो पूर्वांचल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलेगी। काशी की आध्यात्मिक पहचान और आधुनिक खेल सुविधाओं का यह संगम वाराणसी को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।