पर्यटन की संभावनाओं को आर्थिक अवसर में बदलने में हॉस्पिटैलिटी उद्योग की अहम भूमिका, एफएचआरएआई के वार्षिक समारोह में शामिल हुए केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री 

भारत में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इन्हें वास्तविक आर्थिक अवसरों में बदलने में हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह बात केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को होटल ताज में आयोजित फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FHRAI) के 56वें वार्षिक समारोह के अंतिम दिन कही। समारोह में देशभर से होटल, रेस्टोरेंट और आतिथ्य उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
 

वाराणसी। भारत में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इन्हें वास्तविक आर्थिक अवसरों में बदलने में हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह बात केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को होटल ताज में आयोजित फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FHRAI) के 56वें वार्षिक समारोह के अंतिम दिन कही। समारोह में देशभर से होटल, रेस्टोरेंट और आतिथ्य उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और भौगोलिक विविधता, खानपान, परंपराएं और जीवनशैली पर्यटन क्षेत्र की बड़ी ताकत हैं। देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, मजबूत होता बुनियादी ढांचा और लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार से पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं। इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी ढंग से निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। इनमें निवेश, वित्त पोषण, ऊर्जा लागत, तकनीक, क्षमता निर्माण, स्किलिंग, अपस्किलिंग और रीस्किलिंग के साथ सस्टेनेबिलिटी जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके अलावा कॉन्सर्ट इकोनॉमी, खेल आयोजनों, वेडिंग टूरिज्म, फूड एंड बेवरेज, मार्केटिंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर भी चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे निवेश, पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के प्रयास और नीतिगत सुधारों से इस क्षेत्र के विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं। करों में कमी और जीएसटी से संबंधित राहत ने भी पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर्यटन विकास के लिए जरूरी एनेबलर्स हैं, लेकिन पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने और पर्यटन को आर्थिक गतिविधियों में बदलने की जिम्मेदारी उद्योग की भी है। सम्मेलन में बदलती उपभोक्ता मांग, उद्योग की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर भी व्यापक चर्चा हुई। विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने पर्यटन क्षेत्र में रोजगार, निवेश और नए कारोबारी अवसर बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग पर जोर दिया।