तिरंगे का सम्मान देश के वीरों के बलिदान का सम्मान : स्वतंत्र देव सिंह

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को काशी में भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ चौराहे से शुरू हुई यात्रा मलदहिया और लहुराबीर चौराहा होते हुए डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
 

काशी में भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का उत्साह, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ चौराहे से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक निकली यात्रा

 

कैबिनेट मंत्री बोले-आज श्रीनगर के लाल चौक पर पूरे सम्मान से लहरा रहा तिरंगा, घर-घर तिरंगा और हर हाथ में तिरंगा पहुंचाने का संदेश

 

देशभक्ति से सराबोर हुआ काशी का माहौल, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान

घर-घर तिरंगा और हर हाथ में तिरंगा का दिया संदेश, महान बलिदानियों के सम्मान में तिरंगा फहराने की अपील 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को काशी में भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ चौराहे से शुरू हुई यात्रा मलदहिया और लहुराबीर चौराहा होते हुए डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

यात्रा का नेतृत्व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया। यात्रा के आगे पीएसी और पुलिस बैंड देशभक्ति की धुनें बजाता चल रहा था। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगा थामे विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तिरंगे का सम्मान देश के वीरों के बलिदान का सम्मान है। राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े के तीन रंग नहीं, बल्कि भारत की पहचान, स्वाभिमान, शक्ति और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज श्रीनगर के लाल चौक पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा लहरा रहा है। यह बदलाव उन वीर रणबांकुरों के त्याग और बलिदान का सम्मान है, जिन्होंने देश की आजादी और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने और हर हाथ में तिरंगा पहुंचाने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री ने युवा शक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल भारत का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान है। युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों और करियर को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के हाथों में तिरंगा देखकर राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होती है। स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

तिरंगा यात्रा में बीजेपी प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक कुमार तिवारी, एलएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सुनील कुमार पटेल, टी. राम, बीजेपी क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, एडिशनल पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

तस्वीरें .... 



<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/HC6trNTLhTY?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/HC6trNTLhTY/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">