वाराणसी में 45 केंद्रों पर आयोजित होगी होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा, प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसीपी ने दिए कड़े निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक जनपद के 45 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 20,112 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में यातायात पुलिस लाइन सभागार में महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर लें और वहां की भौगोलिक स्थिति, सीटिंग प्लान तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लें।
परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे।
सुरक्षा और अनुशासन को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें परीक्षा अवधि तक बंद रहेंगी। अभ्यर्थियों की एंट्री के दौरान सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी, ताकि कोई भी प्रतिबंधित वस्तु अंदर न जा सके।
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जाएगी और डीवीआर के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्लॉक रूम में मोबाइल जमा करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापकों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग और डी-ब्रीफिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, नम्रता श्रीवास्तव समेत प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं जैसे ओएमआर शीट, प्रश्न पुस्तिका वितरण और अनुपस्थित अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन का लक्ष्य है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।