होमगार्ड भर्ती परीक्षा : पहले दिन कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई परीक्षा, अफसरों ने केंद्रों का लिया जायजा 

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 के पहले दिन की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले में बनाए गए 45 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई। जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई। अधिकारियों ने भी केंद्रों का भ्रमण कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। 
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 के पहले दिन की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले में बनाए गए 45 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई। जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई। अधिकारियों ने भी केंद्रों का भ्रमण कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। 

25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। जनपद के कुल 45 परीक्षा केंद्रों पर हो रही इस परीक्षा में प्रतिदिन लगभग 40,224 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है।

बलिया, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर और प्रयागराज से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भी सेंटर है। ऐसे में प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने परीक्षा के पहले दिन विभिन्न केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेपी मेहता इंटर कॉलेज, यू.पी. कॉलेज, रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया, पहचान पत्र जांच, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और पुलिस बल की तैनाती को बारीकी से परखा गया।

इसके साथ ही उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थलों का भी निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। अपर पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहें और बिना अनुमति स्थान न छोड़ें। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने, केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश देने तथा संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।

इसके अलावा, यातायात पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस को आपसी समन्वय के साथ प्रमुख मार्गों पर सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराने की व्यवस्था भी की गई है।