गुरुधाम पार्क में गूंजा हरिनाम, इस्कॉन में 1100 किलो फूलों से खेली गई होली, उमड़े हजारों युवा

आध्यात्मिक नगरी में होली का एक अनूठा और भक्तिमय स्वरूप देखने को मिला, जब इस्कॉन मंदिर वाराणसी द्वारा गुरुधाम पार्क प्रांगण में “फूलों की होली-भजन क्लबिंग” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 5,000 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर होली को भक्ति और संस्कृति के रंगों में सराबोर किया।
 

वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी में होली का एक अनूठा और भक्तिमय स्वरूप देखने को मिला, जब इस्कॉन मंदिर वाराणसी द्वारा गुरुधाम पार्क प्रांगण में “फूलों की होली-भजन क्लबिंग” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 5,000 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर होली को भक्ति और संस्कृति के रंगों में सराबोर किया।

आयोजन के तहत करीब 1,100 किलोग्राम पुष्पों और 20 प्रकार के पवित्र द्रव्यों से भगवान का दिव्य अभिषेक किया गया। इसके बाद भक्तों ने फूलों की होली खेली। पूरा परिसर पुष्पों की सुगंध, हरिनाम संकीर्तन और आध्यात्मिक संगीत से गूंज उठा। वातावरण ऐसा बना कि उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नामारस बैंड द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कीर्तन रहा, जिसमें युवाओं ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए भागीदारी की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन निःशुल्क सात्विक प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।

आयोजकों ने बताया कि यह पहल होली के पारंपरिक और आध्यात्मिक स्वरूप को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से की गई है। आधुनिक समय में जहां होली कई बार नशा और रासायनिक रंगों तक सीमित हो जाती है, वहीं यह आयोजन पूर्णतः नशामुक्त और पर्यावरण अनुकूल रहा।

तस्वीरें ...