होली इफेक्ट : बनारस लौटना हुआ तीन गुना महंगा, दिल्ली, मुम्बई और बैंगलोर की फ्लाइट्स करा रहीं जेब ढीली

वाराणसी। होली का पर्व नजदीक आते ही घर लौटने की चाह रखने वालों के लिए सफर महंगा साबित हो रहा है। दिल्ली से वाराणसी आने वाले हवाई टिकटों के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। आम दिनों में 3000 से 4000 रुपये में मिलने वाला टिकट अब बढ़कर 7800 से 8900 रुपये तक पहुंच गया है। अचानक बढ़े किराए ने यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
 
मांग बढ़ते ही एयरलाइंस ने बढ़ाए किराए
टिकट बुकिंग साइट्स के अनुसार, होली के मौके पर दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों से वाराणसी आने वाली उड़ानों की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी वजह से विमान कंपनियों ने किराए में इजाफा कर दिया है। दिल्ली से वाराणसी का किराया जहां सामान्य दिनों में 3 से 4 हजार रुपये के बीच रहता है, वहीं अब एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 7894 रुपये, इंडिगो का 8395 रुपये और अकासा एयर का 8968 रुपये तक पहुंच गया है।

अन्य महानगरों से भी बढ़े दाम
मुंबई से वाराणसी आने का किराया भी सामान्य दिनों में 4 से 5 हजार रुपये के बीच होता है, लेकिन इस समय एयर इंडिया एक्सप्रेस का टिकट 7728 रुपये, इंडिगो का 8268 रुपये और अकासा एयर का 8477 रुपये तक बिक रहा है। वहीं बेंगलुरु से वाराणसी आने का किराया आम दिनों में 4 से 5 हजार रुपये रहता है, लेकिन अभी एयर इंडिया एक्सप्रेस का टिकट 11041 रुपये, इंडिगो का 7628 रुपये और अकासा एयर का 7339 रुपये तक पहुंच गया है।

चार दिन बाद है होली, तेजी से भर रही फ्लाइट्स
होली में अब चार दिन का समय शेष है। ऐसे में महानगरों में काम करने वाले लोग अपने घर लौटने की तैयारी में हैं। बढ़ती भीड़ और सीमित सीटों के कारण टिकट तेजी से बुक हो रहे हैं, जिससे किराए लगातार बढ़ रहे हैं। जानकारों का मानना है कि त्योहार के नजदीक आते-आते किराया और भी बढ़ सकता है।

यात्रियों की बढ़ी परेशानी
अचानक बढ़े हवाई किराए से यात्रियों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कई लोग सस्ते विकल्प की तलाश में ट्रेन और बस सेवाओं की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन वहां भी सीटों की कमी देखने को मिल रही है। त्योहार की खुशी के बीच महंगे सफर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।