होली पर घर का सफर मुश्किल, ट्रेनों में भारी भीड़, दिल्ली-मुंबई जाने वाली गाड़ियों में लंबी वेटिंग 

होली पर्व पर घर आने और वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रविवार को रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिली। विशेषकर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और स्लीपर श्रेणी की ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक रहा। स्थिति यह रही कि कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग सूची लंबी हो गई और सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कहीं अधिक नजर आई।
 

वाराणसी। होली पर्व पर घर आने और वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रविवार को रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिली। विशेषकर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और स्लीपर श्रेणी की ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक रहा। स्थिति यह रही कि कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग सूची लंबी हो गई और सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कहीं अधिक नजर आई।

प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह यात्रियों की कतारें दिखीं और टिकट काउंटरों पर भी लंबी लाइनें लगी रहीं। खासकर दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग सबसे ज्यादा रही। कोलकाता रूट की ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या अधिक दर्ज की गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, होली के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने गृह जनपदों से महानगरों की ओर लौट रहे हैं। वाराणसी और आसपास के जिलों के लोग रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में दिल्ली, मुंबई, पुणे, बिहार, गुजरात और सूरत जैसे शहरों में रहते हैं। त्योहार के बाद वापसी के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है।

रविवार को विशेष रूप से नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, पूर्वांचल एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस और बनारस-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ देखी गई। कई ट्रेनों में आरक्षण पूरी तरह फुल रहा, जबकि कुछ में लंबी वेटिंग सूची बनी रही।

भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन सतर्क रहा और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। यात्रियों को सुगम आवागमन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई। अनारक्षित टिकट काउंटरों पर भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।