राहुल गांधी के खिलाफ वाराणसी कोर्ट में हुई सुनवाई, अगली तारीख 16 सितंबर, भगवान राम के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी का मामला
वाराणसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भगवान श्रीराम पर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में बुधवार को वाराणसी की एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 सितंबर की तारीख निर्धारित की है।
सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता ने कोर्ट में दाखिल की गई आपत्ति पर बहस की। आरोप है कि राहुल गांधी ने 21 अप्रैल 2025 को अमेरिका के विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ एक सत्र में भगवान श्रीराम पर विवादित बयान दिया था। इस मामले में भगवान राम को कथित तौर पर ‘पौराणिक’ और उनके युग की कहानियों को ‘काल्पनिक’ बताने का आरोप है। याचिकाकर्ता का कहना है कि इन टिप्पणियों से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले में दाखिल अर्जी को 27 मई 2025 को अदालत ने खारिज कर दिया था। न्यायालय ने इसे इसलिए खारिज किया था कि परिवादी द्वारा पेश किया गया साक्ष्य पर्याप्त नहीं था। इसके बाद परिवादी पक्ष की ओर से पुनरीक्षण अर्जी दाखिल की गई।
पुनरीक्षण अर्जी पर सुनवाई के दौरान सत्र न्यायालय ने निचली अदालत में दोबारा सुनवाई के बाद निर्णय लेने का आदेश दिया था। इसी क्रम में अब एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही है। बुधवार को हुई सुनवाई के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 सितंबर की तारीख तय की।