नमो घाट से हर घर तिरंगा, हर घाट तिरंगा अभियान का आगाज, देशभक्ति के साथ स्वच्छता और जल संरक्षण को किया प्रेरित
वाराणसी। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर काशी से राष्ट्रभक्ति के साथ स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश देने की पहल शुरू हो गई है। जल शक्ति मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत नमामि गंगे की ओर से रविवार को नमो घाट पर ‘हर घर तिरंगा, हर घाट तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के बीच स्वच्छता और जल संरक्षण का संकल्प लिया।
नमो घाट का आध्यात्मिक परिसर रविवार को तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। लोगों ने ‘हर दिल तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर मकसद तिरंगा, हर सपना तिरंगा’ जैसे नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में भागीदारी की। इस दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ अपने आसपास के क्षेत्रों, घाटों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
तिरंगे के सम्मान के साथ स्वच्छता भी जिम्मेदारी
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर घाट तिरंगा’ को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे प्रत्येक नागरिक का संकल्प बनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व गौरव की भावना प्रदर्शित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान के साथ आसपास स्वच्छता बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ घाटों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को साफ रखने का संकल्प भी लिया जाना चाहिए।
स्वच्छता के साथ जल संरक्षण पर जोर
अभियान को केवल राष्ट्रभक्ति तक सीमित न रखते हुए स्वच्छता, जल संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ा गया है। लोगों को बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन और गंगा स्वच्छता के प्रयासों को सफल बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। गंगा समेत अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
अभियान के दौरान जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। शहरों और गांवों में सामुदायिक सफाई, स्वच्छता शपथ, जल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण जैसे आयोजन होंगे।
‘स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’
नमामि गंगे ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को ‘स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ की थीम से जोड़ने का संदेश दिया है। अभियान के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि देशप्रेम केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना, जलस्रोतों की रक्षा करना और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में रिंपी तनेजा, नेहा कपूर, भावना लूथरा, कनिका सचदेवा, पूजा भल्ला, पूजा तनेजा समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। नमामि गंगे पदाधिकारियों ने कहा कि काशी के घाट धार्मिक और आध्यात्मिक आस्था के केंद्र होने के साथ देश की सांस्कृतिक पहचान का भी हिस्सा हैं। अभियान के जरिए काशी से राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।