Gyanvapi Case: ज्ञानवापी से जुड़े मामलों की सुनवाई टली, अब 10 जुलाई को अगली तारीख
वाराणसी। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में गुरुवार को ज्ञानवापी परिसर से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई होनी थी, लेकिन वकीलों के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। इसके चलते ज्ञानवापी परिसर में नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति, बंद तहखानों के एएसआई सर्वे सहित अन्य लंबित मामलों की सुनवाई टल गई। अब इन मामलों की अगली सुनवाई 10 जुलाई को निर्धारित की गई है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानवापी परिसर में नियमित पूजा-पाठ और दर्शन की अनुमति से जुड़े मामले में पक्षकारों द्वारा विभिन्न याचिकाएं दायर की गई हैं। वहीं परिसर के बंद तहखानों के सर्वे और अन्य धार्मिक गतिविधियों को लेकर भी अदालत में सुनवाई चल रही है।
इसके अलावा अपर जिला जज तृतीय की अदालत में ज्ञानवापी परिसर में उर्स आयोजित करने तथा परिसर एवं चबूतरे पर चादर चढ़ाने की अनुमति से संबंधित मामले की सुनवाई भी आगे बढ़ा दी गई। अब इस मामले में भी अगली सुनवाई 7 जुलाई को होगी।
मामले में अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से अदालत में कई प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। दूसरी ओर हिंदू पक्ष की ओर से भी विभिन्न मांगों को लेकर याचिकाएं दाखिल की गई हैं। ज्ञानवापी प्रकरण से जुड़े मामलों की सुनवाई टलने के बाद दोनों पक्षों के अधिवक्ता अब अगली तारीख की तैयारी में जुट गए हैं।