वाराणसी में पकड़ी गई 4.25 करोड़ की GST चोरी, SIB की टीम ने रेलवे ठेकेदार व टेंट हाउस पर की छापेमारी, चार दिन चली कार्रवाई
वाराणसी। SIB की टीम ने बरेका के समीप रेलवे ठेकेदार और टेंट हाउस पर छापेमारी की। चार दिनों की जांच में 4.25 करोड़ की GST चोरी पकड़ी गई। टीम ने देर रात इसका खुलासा किया। बरेका को मैन पावर की सप्लाई का तथ्य छिपाकर ठेकेदार ने टैक्स भरा था। इसके जरिये जीएसटी की चोरी की गई।
एसआईबी की टीम ने 18 सितंबर की रात छापेमारी की। कार्रवाई लगातार चार दिनों तक 22 सितंबर तक चली। आरोप है कि ठेकेदार ने सरकारी ई मार्केट प्लेस के जरिये बरेका को मैन पावर की आपूर्ति की थी, लेकिन 2025-26 में जो रिटर्न भरा था, उसमें मैनपावर की सप्लाई को छिपा लिया। फर्म ने 2026-27 का रिटर्न भी नहीं भरा था, जबकि फर्म को अप्रैल से अगस्त 2026 तक 5.50 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया था। इस पर आने वाला टैक्स एक करोड़ से अधिक है। उसे अभी तक जमा नहीं किया गया था।
एसआईबी के अधिकारियों के अनुसार फर्म ने 36 लाख रुपये की इनपुट टैक्स फर्जी बिलों के जरिये प्राप्त किया। जांच में करीब 4.25 करोड़ की चोरी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान ठेकेदार ने 46 लाख रुपये जमा भी कराए। शेष धनराशि का जल्द भुगतान कराने की बात कही।