छावनी इलाके में 15 एकड़ में विकसित होगा ग्रीन पार्क, ओपन जिम और म्यूजिकल फाउंटेन से बढ़ेगा आकर्षण

शहर में हरियाली बढ़ाने और लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए छावनी क्षेत्र में करीब 15 एकड़ जमीन पर नया ग्रीन पार्क विकसित किया जाएगा। फुलवरिया के पास प्रस्तावित इस पार्क में हरियाली के साथ ओपन जिम, योगशाला, खेल-कूद की सुविधाएं और औषधीय पौधों का बगीचा बनाया जाएगा। पार्क का प्रमुख आकर्षण म्यूजिकल फाउंटेन होगा, जिसे लेजर लाइट्स के साथ विकसित करने की योजना है।
 

वाराणसी। शहर में हरियाली बढ़ाने और लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए छावनी क्षेत्र में करीब 15 एकड़ जमीन पर नया ग्रीन पार्क विकसित किया जाएगा। फुलवरिया के पास प्रस्तावित इस पार्क में हरियाली के साथ ओपन जिम, योगशाला, खेल-कूद की सुविधाएं और औषधीय पौधों का बगीचा बनाया जाएगा। पार्क का प्रमुख आकर्षण म्यूजिकल फाउंटेन होगा, जिसे लेजर लाइट्स के साथ विकसित करने की योजना है।

मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि शहर के बेहतर वातावरण को ध्यान में रखते हुए फुलवरिया के पास पार्क विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को हरियाली के बीच मनोरंजन, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराना है। पार्क को काशी की संस्कृति और मौलिकता को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।

प्रस्तावित पार्क में लोगों के लिए कसरत की सुविधा के साथ ओपन जिम और योगशाला बनाई जाएगी। बच्चों और युवाओं के लिए खेल-कूद की व्यवस्था होगी। इसके अलावा औषधीय पौधों का बगीचा भी विकसित किया जाएगा, जिससे लोग विभिन्न उपयोगी पौधों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।

संगीत के साथ फब्बारे से गिरते पानी का तालमेल
पार्क में प्रस्तावित म्यूजिकल फाउंटेन लोगों के आकर्षण का केंद्र होगा। इसमें पानी की फुहारों को संगीत की धुन के साथ नियंत्रित किया जाता है। लेजर लाइट्स के संयोजन से फव्वारे का दृश्य और आकर्षक बनाया जाएगा। विशेष रूप से डिजाइन किए गए नोजल, पंप, एलईडी और अन्य तकनीकी प्रणालियों के माध्यम से फव्वारे संचालित होंगे। संगीत के सुर और ताल के साथ पानी की ऊंचाई, गति और दिशा में बदलाव किया जाएगा। इससे पार्क में शाम के समय खास नजारा देखने को मिलेगा।