सरकारी नौकरी की लालच में पोती बनी दादी की दुश्मन, जहर देकर मारने की कोशिश
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सरकारी नौकरी हासिल करने की लालसा में एक युवती ने अपने पति के साथ मिलकर अपनी ही दादी को जहर देकर मारने की साजिश रच डाली। हालांकि, समय रहते महिला की जान बच गई और पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
55 वर्षीय पानपति कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि उनकी पोती मृतक आश्रित कोटे के तहत सरकारी नौकरी प्राप्त करना चाहती थी। इसी मकसद से उसने पति के साथ मिलकर दादी को सेवाकाल में मारने की साजिश रच दी, ताकि मृतक आश्रित में नौकरी हासिल की जा सके।
बताया जा रहा है कि पोती ने दादी के भोजन में जहरीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ समय बाद पानपति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर आरोपी पोती और उसका पति मौके से फरार हो गए। इधर, महिला किसी तरह घर से बाहर निकली, लेकिन सड़क पर पहुंचते ही अचेत होकर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया गया। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर महिला ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और अपनी पोती तथा उसके पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर लोहता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्या की साजिश और सरकारी नौकरी पाने की मंशा से जहर देने की बात सामने आई है।