वडनगर से काशी पहुंचे 500 सेवा यात्रियों का भव्य अभिनंदन, पंकज चौधरी बोले- पीएम मोदी का जीवन देशसेवा की प्रेरणा, यात्रा ने दिया सांस्कृतिक एकता का संदेश
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में डमरू दल और शंखनाद के बीच हुआ स्वागत, महिला मोर्चा ने तिलक लगाकर व पुष्पवर्षा कर यात्रियों का किया अभिनंदन
पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सेवा यात्रियों और कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, वडनगर से काशी तक की यात्रा में शामिल रहे करीब 500 सेवा यात्री
यात्रियों को दिया गया ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट’ का गिफ्ट बैग, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकजुटता का संकल्प लेकर काशी पहुंचे यात्री
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से काशी पहुंचे करीब 500 सेवा यात्रियों का बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने यात्रियों के माथे पर तिलक लगाया, पटका ओढ़ाया और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डमरू दल की प्रस्तुति और शंखनाद से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश और समाज की सेवा की प्रेरणा है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश में सकारात्मक बदलाव हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य को विकास के मॉडल के रूप में स्थापित किया और प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की सेना का मनोबल बढ़ाने के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उनका जीवन कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। वडनगर से काशी तक की यात्रा महज दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प है। इस यात्रा ने देश की सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता का संदेश दिया है।
वर्चुअल संबोधन में पीएम ने किया प्रेरित
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सेवा यात्रियों और समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सेवा यात्रियों के साथ कार्यकर्ताओं और जनता को देशसेवा के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान सभागार में मौजूद यात्रियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इसके बाद स्थानीय समारोह में पंकज चौधरी ने सेवा यात्रियों का अभिनंदन किया। यात्रियों ने वडनगर से काशी तक के सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यात्रा उनके लिए अविस्मरणीय रही। काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। यात्रियों ने काशी में मिले आत्मीय स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
सभी सेवा यात्रियों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट’ के गिफ्ट बैग भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयकारों से परिसर गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी काशी क्षेत्र रमेश सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, एमएलसी अश्विनी त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी व सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, राकेश शर्मा, शैलेंद्र मौर्या, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, सुनीता सिंह, पूजा दीक्षित, पूजा पांडेय, रानिका जायसवाल, नेहा कक्कड़, किरण सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।