काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री, बाबा का करेंगे दर्शन, कार्यक्रम में होंगे शरीक
वाराणसी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। दोनों नेता सुबह बनारस पहुंचेंगे और करीब साढ़े तीन घंटे तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार राज्यपाल और मुख्यमंत्री सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग द्वारा श्री काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे, जहां वे बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद दोनों गणमान्य अतिथि धाम परिसर स्थित त्रयंबकेश्वर बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री और राज्यपाल के दौरे को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी आंशिक बदलाव किए गए हैं, ताकि आमजन को कम से कम परेशानी हो।