राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन, प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की
वाराणसी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी पहुंचे। श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। राज्यपाल और सीएम ने बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक कर प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।
पूजन के दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। दर्शन-पूजन के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित त्र्यंबकेश्वर सभागार में आयोजित ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में संतों, धर्माचार्यों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
दोनों वीआईपी के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखी।