काशी में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन, हथुआ मार्केट से निकली विशाल शोभायात्रा
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में गोवर्धन पूजाोत्सव-2026 को लेकर मंगलवार को उत्साह दिखा। गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हथुआ मार्केट से विशाल शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा का शुभारंभ परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोग शामिल हुए।
समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि देश के वीर सपूत कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव के हाथों शोभायात्रा का शुभारंभ होना आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। शोभायात्रा हथुआ मार्केट से प्रारंभ होकर लहुराबीर, कबीरचौरा, नई सड़क, विश्वेश्वरगंज, प्रहलाद घाट और त्रिशूल घाट होते हुए नमो घाट पहुंचेगी। यहां शोभायात्रा विशाल जनसभा में तब्दील हो जाएगी। जनसभा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और पूर्व सांसद डीपी यादव समेत कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। अतिथि जनसभा को संबोधित करने के साथ समाज के लोगों से संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम के समापन के बाद सभी गणमान्य अतिथि गोवर्धन धारी मंदिर पहुंचेंगे। यहां भगवान गोवर्धन के दर्शन-पूजन के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। समिति की ओर से आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा के संगम के रूप में यह महोत्सव काशी में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।