गोरखपुर से निकली गविष्ठी यात्रा कल पहुंचेगी काशी, विभिन्न विधानसभाओं में होगा स्वागत

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सान्निध्य में गोरखपुर से निकली 81 दिवसीय “गविष्ठी गौरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा” बुधवार को मिर्जापुर होते हुए काशी पहुंचेगी। यात्रा के काशी आगमन को लेकर विभिन्न विधानसभाओं में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सनातन धर्मावलंबियों द्वारा शंकराचार्य जी का भव्य स्वागत, अभिनंदन और वंदन किया जाएगा।
 

वाराणसी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सान्निध्य में गोरखपुर से निकली 81 दिवसीय “गविष्ठी गौरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा” बुधवार को मिर्जापुर होते हुए काशी पहुंचेगी। यात्रा के काशी आगमन को लेकर विभिन्न विधानसभाओं में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सनातन धर्मावलंबियों द्वारा शंकराचार्य जी का भव्य स्वागत, अभिनंदन और वंदन किया जाएगा।

शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि यह यात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य गौमाता की रक्षा, उनके संरक्षण के प्रति जनजागरण और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित कराने की मांग को लेकर लोगों को जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में गौभक्त यात्रा से जुड़ रहे हैं और प्रदेशभर में इसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। लोगों द्वारा शंकराचार्य जी के गौसेवा और गौरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की जा रही है।

यात्रा बुधवार को काशी पहुंचने के बाद रोहनिया, कैंट, दक्षिणी, उत्तरी और शिवपुर विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में शंकराचार्य जी रात्रि विश्राम करेंगे। इसके अगले दिन यात्रा अजगरा, पिंडरा, सेवापुरी और भदोही होते हुए अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होगी।

गविष्ठी यात्रा को लेकर काशी में धार्मिक और सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु शंकराचार्य जी का स्वागत कर गौरक्षा का संकल्प भी लेंगे।