काशी विश्वनाथ धाम के लिए चलेगी गोल्फ कार्ट, अक्षय तृतीया से शुरू होगी सेवा, श्रद्धालुओं को होगी सहूलियत
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद शहर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार अब बाबा विश्वनाथ के दर्शन को और सुगम बनाने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। जल्द ही श्रद्धालु गोल्फ कार्ट के माध्यम से सीधे धाम तक पहुंच सकेंगे।
अक्षय तृतीया से शुरू हो सकती है सेवा
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जानकारी दी कि अक्षय तृतीया के शुभ अवसर से इस सेवा को शुरू करने की योजना है। इसके तहत मैदागिन, राज नारायण पार्क (बेनियाबाग) और कबीर चौरा जैसे प्रमुख स्थानों से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 तक इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालित किए जाएंगे।
शुरुआत में चलेंगी 25 गोल्फ कार्ट
उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में करीब 25 गोल्फ कार्ट चलाए जाएंगे, जिनकी संख्या भविष्य में बढ़ाई जा सकती है। यह सुविधा सभी के लिए उपलब्ध होगी, चाहे आम श्रद्धालु हों या विशिष्ट अतिथि। यात्रियों को इस सेवा के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा, जिससे संचालन और रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।
बुजुर्ग और दिव्यांग दर्शनार्थियों को सुविधा
यह पहल खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, जिन्हें भीड़भाड़ वाले मार्गों से गुजरने में कठिनाई होती है। गोल्फ कार्ट सेवा के माध्यम से उन्हें आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल
इसके साथ ही, यह योजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और शहर के प्रमुख धार्मिक क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।