40 से 57 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए आईआईटी बीएचयू में नौकरी का सुनहरा अवसर, 10 अगस्त तक करें आवेदन
वाराणसी। सरकारी संस्थान में नौकरी की तैयारी कर रहे 40 से 57 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू), वाराणसी ने लाइब्रेरियन, असिस्टेंट रजिस्ट्रार, मेडिकल ऑफिसर, सिस्टम एनालिस्ट, डिप्टी लाइब्रेरियन सहित विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
संस्थान की ओर से कुल 24 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें प्रशासनिक, तकनीकी, पुस्तकालय, सिस्टम एवं खेल विभाग से जुड़े पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू हो चुकी है और 10 अगस्त तक रात 11 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को उसका प्रिंटआउट आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्पीड पोस्ट के माध्यम से रजिस्ट्रार, आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के पते पर भेजना होगा।
भर्ती के तहत असिस्टेंट रजिस्ट्रार, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी, लाइब्रेरियन, डिप्टी लाइब्रेरियन, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, प्रिंसिपल सिस्टम इंजीनियर, सीनियर सिस्टम इंजीनियर, सिस्टम एनालिस्ट, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, हिंदी अधिकारी और मुख्य खेल अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
संस्थान ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। भर्ती से संबंधित विस्तृत योग्यता, आयु सीमा, वेतनमान और अन्य शर्तों की जानकारी आईआईटी (बीएचयू) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।