कैंट बस स्टैंड के पास छीनी गई 12.50 लाख की सोने की चेन बरामद, आरोपी गिरफ्तार, 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस, टीम को 25 हजार का इनाम
वाराणसी। कैंट बस स्टैंड के सामने मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान 74 ग्राम की सोने की चेन चोरी करने के मामले में सिगरा पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त काशी जोन ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल चौरसिया निवासी अनौला हरिजन बस्ती, टकटकपुर, थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है। उसे 17 सितंबर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पार्टी से लौटते समय हुई थी घटना
परेड कोठी निवासी अविनाश प्रताप सिंह ने सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि 10 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे वह अपनी पत्नी और दोस्त फैजान के साथ पार्टी करके घर लौट रहे थे। कैंट बस स्टैंड के सामने पिलर नंबर 42 के पास उनकी गाड़ी के शीशे से टकराने की बात को लेकर बाइक सवार तीन-चार लोगों से कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। इस दौरान उनके दोस्त फैजान को चोट भी आई। इसी बीच अविनाश के गले में पहनी सोने की चेन टूटकर गिर गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति उसे उठा ले गया।
200 सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पीड़ित ने बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो गहरे भूरे रंग की शर्ट पहने एक व्यक्ति चेन ले जाते दिखाई दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के घर तक करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके आधार पर बाबूलाल चौरसिया का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली धातु की करीब 74 ग्राम की चेन बरामद की। मामले में सिगरा थाने में मुकदमा संख्या 0397/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(2), 115(2) और 317(2) में कार्रवाई में जुटी रही।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कैंट और प्रयागराज जीआरपी में चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक विकास सिंह, प्रशांत बंधु, मुख्य आरक्षी जितेंद्र सिंह, आरक्षी नीरज मौर्या, नीलेश, महिला आरक्षी शिवानी सिंह और सर्विलांस सेल के आरक्षी अश्वनी सिंह शामिल रहे।