BHU के हॉस्टल में पराठे में मिला शीशे का टुकड़ा, भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल

बीएचयू के छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। डालमिया छात्रावास के मेस में सब्जी के अंदर छिपकली मिलने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल के मेस में पराठे से शीशे का टुकड़ा निकलने की घटना सामने आ गई। इस घटना के बाद छात्राओं में भारी नाराजगी व्याप्त है।
 

वाराणसी। बीएचयू के छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। डालमिया छात्रावास के मेस में सब्जी के अंदर छिपकली मिलने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल के मेस में पराठे से शीशे का टुकड़ा निकलने की घटना सामने आ गई। इस घटना के बाद छात्राओं में भारी नाराजगी व्याप्त है।

न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल की एक छात्रा जब मेस में परोसा गया पराठा खा रही थी, तभी उसमें शीशे का टुकड़ा दिखाई दिया। यह देखकर छात्राएं आक्रोशित हो उठीं और मेस की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। छात्राओं का आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन और मेस प्रबंधन ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया।

छात्राओं ने कहा कि पराठे में शीशा निकलना बेहद गंभीर मामला है, जिससे किसी की जान भी जा सकती थी। आरोप है कि शिकायत करने पर मेस कर्मियों ने इसे सामान्य घटना बताकर टालने की कोशिश की। हालांकि छात्राओं के बढ़ते विरोध के बाद मेस मैनेजर से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही डालमिया छात्रावास की मेस संख्या चार में बनी सब्जी में छिपकली मिलने का मामला सामने आया था। उस घटना पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से छात्र-छात्राओं में भोजन की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।