भाजपा सरकार में छोटे व्यापारियों की अनदेखी, घोसी सांसद राजीव राय ने बीजेपी पर साधा निशाना
वाराणसी में PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन, वाराणसी सहित चार जिलों के व्यापारी और वैश्य समाज के प्रतिनिधि हुए शामिल
वाराणसी। पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में रविवार को समाजवादी व्यापार सभा की ओर से PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें वाराणसी मंडल के वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर जिलों के दो हजार से अधिक व्यापारी और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि घोसी के सांसद राजीव राय ने भाजपा सरकार पर छोटे व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल चंद पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उसे फुटकर, रेहड़ी-पटरी, गुमटी, खुमचा और छोटे दुकानदारों से कोई हमदर्दी नहीं है। व्यापारियों से कई वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी परेशानियां कम नहीं हुईं। कारोबार बढ़ाने के लिए व्यापारियों को सुविधाओं और विश्वासपूर्ण माहौल की जरूरत है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून बनाकर व्यापारियों की हरसंभव मदद की जाएगी।
समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि सरकार की नीतियां छोटे दुकानदारों के बजाय बड़े पूंजीपतियों के पक्ष में हैं। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। प्रदेश अध्यक्ष एवं सम्मेलन के आयोजक प्रदीप जायसवाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की सरकार ने व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज और चुंगी से मुक्ति दिलाई थी। अखिलेश यादव के कार्यकाल में भी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की गईं।
सम्मेलन में वक्ताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारसनाथ जायसवाल ने की। संचालन भारत भूषण यादव ने किया। इस दौरान विजय जायसवाल, अक्षय जैन, प्रवीण केशरवानी, अंशुल गुप्ता सहित सपा और व्यापार सभा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।