मोदी के स्वागत में उत्सवमय हुई काशी, पुलिस लाइन स्वागत द्वार पर गाजीपुर का मशहूर धोबिया लोकनृत्य, लोक संस्कृति की अद्भुत छटा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर रविवार को काशी में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। प्रधानमंत्री के स्वागत को भव्य और यादगार बनाने के लिए भाजपा ने महानगर से लेकर जिला स्तर तक व्यापक तैयारियां की हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और स्वागत स्थलों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। पुलिस लाइन के प्रथम स्वागत द्वार पर गाजीपुर का प्रसिद्ध धोबिया लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति के जरिए प्रधानमंत्री के स्वागत में पूर्वांचल की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी जा रही है।
 

नमोघाट पर वायुसेना का शौर्य देखने पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, मिर्जामुराद में अरविंद मिल की नई इकाई का करेंगे उद्घाटन

महानगर के आठ और जिले के चार प्रमुख स्थानों पर स्वागत की तैयारी, मंत्रियों, विधायकों, महापौर और पार्टी पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर रविवार को काशी में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। प्रधानमंत्री के स्वागत को भव्य और यादगार बनाने के लिए भाजपा ने महानगर से लेकर जिला स्तर तक व्यापक तैयारियां की हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और स्वागत स्थलों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। पुलिस लाइन के प्रथम स्वागत द्वार पर गाजीपुर का प्रसिद्ध धोबिया लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति के जरिए प्रधानमंत्री के स्वागत में पूर्वांचल की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह वाराणसी हवाई अड्डे पहुंचने के बाद मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन से सड़क मार्ग के जरिए नमोघाट पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विशेष हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ का आयोजन होगा। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।

लोकनृत्य से स्वागत, दिखेगी पूर्वांचल की संस्कृति
पुलिस लाइन के प्रथम स्वागत द्वार पर गाजीपुर के प्रसिद्ध धोबिया लोकनृत्य की प्रस्तुति शुरू हो गई है। पारंपरिक वेशभूषा और लोकवाद्ययंत्रों के साथ कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वागत समारोह में लोकसंस्कृति को शामिल कर काशी और पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की तैयारी की गई है। विभिन्न स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती के साथ कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी भी तय की गई है।

गुलाब बाग कार्यालय में बनी रणनीति
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में क्षेत्र, जिला और महानगर के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती, आपसी समन्वय और निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से अपने संसदीय क्षेत्र काशी का लगातार दौरा करते रहे हैं। उनके प्रत्येक दौरे में विकास परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को नई सौगात मिलती है। इस बार गंगा के ऊपर वायुसेना का हवाई प्रदर्शन काशीवासियों के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने निर्धारित स्थानों पर समय से पहुंचकर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का गौरव विश्व स्तर पर बढ़ा है। काशी में वायुसेना के हवाई प्रदर्शन का आयोजन भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और उत्साह के साथ स्वागत करने तथा सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन करने की अपील की।

महानगर के आठ स्थानों पर स्वागत
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के अनुसार, महानगर संगठन की ओर से आठ प्रमुख स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मंत्रियों, विधायकों, महापौर और संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

•    पुलिस लाइन का मुख्य द्वार: महिला मोर्चा की कार्यकर्ता करेंगी स्वागत।
•    पुलिस लाइन के सामने: राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता रहेंगे मौजूद।
•    पुलिस लाइन चौराहा: महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अगुवाई में होगा अभिनंदन।
•    खजूरी-मकबूल आलम रोड: यस बैंक के सामने हुकुलगंज तिरमुहानी के पास महापौर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्वागत।
•    चौकाघाट लकड़ी मंडी: विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी की अगुवाई में कार्यकर्ता करेंगे स्वागत।
•    गोलगड्डा तिराहा: विधायक सौरभ श्रीवास्तव और प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर को जिम्मेदारी।
•    कज्जाकपुरा: राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और विद्यासागर राय की अगुवाई में अभिनंदन।
•    भदऊं चुंगी मोड़: विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में होगा स्वागत।

जिले के चार स्थानों पर भी तैनाती
महानगर के आठ स्थानों के अतिरिक्त जिला संगठन की ओर से चार प्रमुख स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। क्षेत्र, जिला और महानगर संगठन के बीच समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी है। महिला मोर्चा से लेकर मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों तक को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।