अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ होगा गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का होगा उद्घाटन, पीएम मोदी और सीएम योगी के आने की तैयारी, 95 फीसदी काम पूरा 

गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्टेडियम का उद्घाटन एक भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के साथ किए जाने की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा देश के कई नामचीन क्रिकेटरों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
 

वाराणसी। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्टेडियम का उद्घाटन एक भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के साथ किए जाने की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा देश के कई नामचीन क्रिकेटरों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

450 करोड़ की लागत से बन रहा स्टेडियम
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्टेडियम का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों का दावा है कि अगले दो महीनों में शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की टीम स्टेडियम का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद यहां अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन का रास्ता साफ हो जाएगा।

स्टेडियम की अनूठी वास्तुकला
स्टेडियम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनूठी वास्तुकला है। इसका मुख्य पवेलियन भगवान शिव के डमरू की आकृति पर आधारित बनाया जा रहा है, जबकि छत को अर्धचंद्राकार स्वरूप दिया गया है। प्रवेश द्वार पर त्रिशूल की थीम दिखाई देगी, जिससे यह स्टेडियम काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी प्रदर्शित करेगा।

स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था
फिलहाल स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 40 हजार तक किया जा सकेगा। इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि यहां डे-नाइट अंतरराष्ट्रीय मैचों का सफल आयोजन हो सके।

क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का हो रहा विकास 
स्टेडियम निर्माण का असर आसपास के गांवों में भी स्पष्ट दिखाई देने लगा है। वर्षों से उपेक्षित रहे क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेडियम बनने से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।

क्षेत्र में बढ़ेंगी आर्थिक गतिविधियां 
स्थानीय युवाओं और व्यापारियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शुरू होने से गंजारी और आसपास का इलाका खेल, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का नया केंद्र बन जाएगा। साथ ही वाराणसी को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है।