महाराष्ट्र से दबोचा गया 50 हजार का इनामी गैंगस्टर, काफी दिनों से तलाश रही थी पुलिस 

गैंगस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त ओमप्रकाश पांडेय को वाराणसी एसटीएफ ने महाराष्ट्र के ठाणे जनपद के धारावी थाना क्षेत्र स्थित नब्बे फीट रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पहचान छिपाकर दूसरे राज्य में रह रहा था।
 

वाराणसी। गैंगस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त ओमप्रकाश पांडेय को वाराणसी एसटीएफ ने महाराष्ट्र के ठाणे जनपद के धारावी थाना क्षेत्र स्थित नब्बे फीट रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पहचान छिपाकर दूसरे राज्य में रह रहा था।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अनुसार, चंदौली जिले के सकलडीहा थाने में ओमप्रकाश पांडेय के खिलाफ गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर मुनारी चोरण गांव का निवासी है। टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपी महाराष्ट्र में छिपा हुआ है। इसके बाद निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसटीएफ टीम गठित कर ठाणे में दबिश दी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों विशाल यादव और नितीश हरिजन के साथ मिलकर संगठित तरीके से पशु तस्करी करता था। गिरोह उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पशुओं को ट्रकों और पिकअप वाहनों में भरकर बिहार, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भेजता था। इस अवैध कारोबार से गिरोह को भारी मुनाफा होता था और लंबे समय से यह नेटवर्क सक्रिय था।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ओमप्रकाश पांडेय की गिरफ्तारी के बाद गिरोह की गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में और अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। एसटीएफ ने आरोपी को ठाणे की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही उसे चंदौली लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।