तीन दिन बढ़ोत्तरी के बाद स्थिर हुईं गंगा, 68.36 मीटर पर जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
वाराणसी। तीन दिनों तक तेज गति से वृद्धि के बाद गंगा का जलस्तर बुधवार को स्थिर हो गया। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राजघाट साइट पर जलस्तर 68.36 मीटर रिकॉर्ड किया गया। गंगा इस समय चेतावनी बिंदु से लगभग दो मीटर नीचे हैं। ऐसे में घाटों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
गंगा का जलस्तर पिछले तीन दिनों से तेजी से बढ़ रहा था। शुरुआत के दोनों दिनों में जलस्तर पांच सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था। वहीं मंगलवार को तीन सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वृद्धि हो रही थी। बुधवार को जलस्तर स्थिर हो गया। अगस्त के आखिरी और सितंबर में शुरुआत में भी गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई थी और जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया था। शहर के कई इलाके बाढ़ की चपेट में थे।
गंगा के जलस्तर में हालिया वृद्धि को देखते हुए वाराणसी प्रशासन अलर्ट है। एनडीआरएफ, जल पुलिस के साथ ही प्रशासन की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर और खतरे का बिंदु 71.26 मीटर है।