वाराणसी में दूसरे दिन भी गंगा के जलस्तर में गिरावट, दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से घट रहा जलस्तर
वाराणसी। गंगा के जलस्तर में गिरावट का दौर जारी है। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी गंगा के जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कमी रिकॉर्ड की गई। जलस्तर में कमी से तटवर्ती इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है।
दो दिन पहले गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही थी। जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया था। वहीं घाट और आसपास के इलाके जलमग्न होने लगे थे। ऐसे में तटवर्ती इलाके के लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी थीं। हालांकि सोमवार से जलस्तर घटने लगा।
सोमवार को दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर घट रहा था। मंगलवार की सुबह जलस्तर स्थिर था, लेकिन केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक सुबह 10 बजे जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गिरावट दर्ज की गई।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार राजघाट साइट पर जलस्तर 68.22 मीटर रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में गंगा में चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर और खतरे का बिंदु 71.26 मीटर है।