रबड़ के ब्रैकेट में लीकेज होने से कॉलोनियों में घुसा गंगा का पानी, पलायन करने को मजबूर सामने घाट वासी

 

वाराणसी। गंगा का जल स्तर शनिवार से काफी तेजी से बढ़ा हुआ है। कॉलोनीयों में गंगा का पानी घुसने लगा हैं। वहीं, सामने घाट ज्ञान प्रवाह नाला पर बने चैनल गेट में रबड़ के ब्रैकेट में लीकेज होने से पानी नाला में से होकर कॉलोनी में घुसने लगा है। यह पानी रविवार से घुसने लगा था। जिसके कारण दर्जनों की संख्या में मकान बाढ़ के पानी की चपेट में आ गए हैं। बढ़ते पानी को देखकर लोग अपने घरों को खाली कर वापस अपने गांव व रिश्तेदारों के घर जाने के लिए तैयारी करने लगे हैं। 

चैनल लीकेज ने बढ़ाई मुश्किल

सीर गोवर्धनपुर वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि राम सिंह यादव ने बताया कि ज्ञान प्रवाह नाला पर बना चैनल गेट में लकड़ी का बोता फंसने से रबड़ के ब्रैकेट में लीकेज हो गया। पानी मारुति नगर पटेल नगर से होकर काशीपुरम की तरफ फैल गया है। इस तरह पानी बढ़ता रहा तो सोमवार तक सैकड़ो की तादाद में घर मकान पानी से घिर जाएगा। चैनल में लीकेज होने की शिकायत स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग के बंधी प्रखंड के अधिशासी अभियंता से शिकायत की है।

सामने घाट के दर्जनों मकान डूबे

स्थानीय लोगों के शिकायत पर अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता और गोताखोरों को भेज कर लीकेज की बारे में पता लगवाने का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी तरफ नगवा नाले से पानी बढ़ने लगा है। इसी तरफ पानी का बढ़ाव रहा तो अगले 10 घंटे में नाला किनारे रहने वाले झुग्गी झोपड़ियां में पानी घुस जाएगा। गंगोत्री बिहार संगम पुरी,डुमराबाग कॉलोनी, हरिजन बस्ती, साकेत नगर, रोहित नगर में नाला के किनारे रहने वाले लोग भी पानी से प्रभावित हो जाएंगे।

राजस्व विभाग के कर्मचारी बाढ़ राहत चौकी स्थापित करने में जुटे

राजस्व विभाग के कर्मचारी बाढ़ राहत चौकियों को फिर से स्थापित करवाने की प्रक्रिया में जुड़ गए हैं। सामने घाट साई मंदिर से पानी तिराहा की तरफ बढ़ने लगा है। जिससे तीन घरों में रहने वाले लोग प्रभावित हो गए हैं। सामने घाट स्थित ज्ञान प्रवाह नाले से पानी प्रवेश करने से मारुति नगर पटेल नगर काशीपुरम कॉलोनी में नाले के इर्द-गिर्द घर पानी से चौतरफा डूब गया है। मारुति नगर कॉलोनी में रहने वाले अशोक सिंह, रजनीकांत तिवारी, विजय बहादुर पटेल, सूरजकांत यादव ने बताया कि दर्जनों से अधिक मकाने पानी से चारों तरफ डूब गया है। इस हालत में सभी लोग अपने घरों को खाली कर रहे हैं। 

रमना अंत्येष्टि स्थल डूबा 20 एकड़ से अधिक फसल भी पानी में समाई

गंगा के लगातार बढ़ते जल स्तर से रमना गंगा के किनारे बना अंत्येष्टि स्थल रविवार को पानी में समा गया। गंगा के पानी में 20 एकड़ से अधिक किसानों की फसल भी डूब गई। तैयार फसल डूबने से किसान काफी मायूस हो गए हैं। किसानों में अब बेचैनी हो गई है कि पानी 3 फीट से अधिक हुआ तो 200 एकड़ से अधिक फसल और सैकड़ो मकान पानी से चारों तरफ घिर जाएंगे।