नमो घाट पर दीपों से जगमगाया गंगा तट, रंगोली में साकार हुईं मां गंगा की छवि
गंगा उत्सव पर स्वच्छता का संकल्प, दीपदान कर लोगों ने दिया निर्मलीकरण का संदेश
वाराणसी। मां गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की 18वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को नमो घाट पर जिला गंगा समिति की ओर से गंगा उत्सव मनाया गया। इस दौरान गंगा तट दीपों से जगमगा उठा। पर्यावरण संरक्षण और गंगा की अविरलता एवं निर्मलता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से दीपदान किया और स्वच्छता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान, दीपदान और जनजागरण सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं। रंगोली कलाकार चांदनी विश्वकर्मा ने विभिन्न रंगों के आकर्षक संयोजन से मनोहारी रंगोली बनाई। इसके मध्य मां गंगा की सुंदर आकृति उकेरी गई। साथ ही रंगोली के माध्यम से गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश देने वाले प्रेरक नारे भी लिखे गए।
इस अवसर पर 'हर-हर गंगे, नमामि गंगे', 'नहीं रुकेंगे हम, स्वच्छ करेंगे' जैसे नारों से नमो घाट गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में वाराणसी वन विभाग से कृष्णा, 39 गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट, वेश इंडिया के डॉ. राजेश श्रीवास्तव, नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि, प्रियोदीप हलदार, किरण पांडेय, रेनू जायसवाल, दीपशिखा कन्नौजिया, अजय कन्नौजिया और भीम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।