गणेशपुरी कॉलोनी में भरा घुटने भर पानी, गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे राहगीर, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
वाराणसी। सुसुवाही क्षेत्र की गणेशपुरी कॉलोनी में महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश होते ही स्थिति और विकट हो जा रही है। कॉलोनी की कई सड़कों पर घुटने तक पानी जमा होने से लोगों को इसी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे भी पानी में छिप जाते हैं, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन सवार और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
कॉलोनी में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। यहां काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कई शिक्षक भी निवास करते हैं। आसपास विद्यालय और अस्पताल होने के कारण प्रतिदिन विद्यार्थियों, अभिभावकों और मरीजों का आवागमन होता है। जलभराव के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है।
पानी में छिपे गड्ढे बन रहे हादसे का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर जाते हैं। कई राहगीरों के चोटिल होने की बात भी स्थानीय लोगों ने बताई। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। वहीं अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
खाली प्लाटों में जमा पानी से बढ़ी चिंता
कॉलोनी के कई खाली प्लाटों में भी बारिश का पानी लंबे समय से जमा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक निकासी नहीं होने से पानी सड़ने लगा है और दुर्गंध फैल रही है। लोगों को आशंका है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है। क्षेत्रवासियों ने खाली प्लाटों से पानी निकालने के साथ नियमित दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
पंप से राहत का आश्वासन, स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने पार्षद श्याम भूषण शर्मा के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि जलभराव की शिकायत करने पर पंप लगाने की बात कही जाती है। लोगों का आरोप है कि पंप चलाने के लिए बिजली की व्यवस्था स्वयं करने को कहा जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्हें अस्थायी उपाय नहीं, बल्कि स्थायी जलनिकासी व्यवस्था चाहिए। लोगों ने क्षेत्रीय विधायक सुनील पटेल के क्षेत्र में नियमित भ्रमण नहीं करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचकर समस्या देखनी चाहिए।
जलभराव से नाराज कुछ लोगों ने आगामी चुनाव में विरोध की चेतावनी भी दी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी, सड़क मरम्मत, खाली प्लाटों से पानी हटाने और मच्छररोधी दवा के छिड़काव की मांग की है।