गांधी जयंती : कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि, NSUI ने निकाला जनआक्रोश मार्च
वाराणसी। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी में कांग्रेस, एनएसयूआई और आम आदमी पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों संगठनों के कार्यक्रमों में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को याद किया गया, जबकि कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य रहे मसूरिया दिन पासी को भी श्रद्धांजलि दी।
जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने मैदागिन टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मसूरिया दिन पासी के छायाचित्र पर भी पुष्प अर्पित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से की। दोनों नेताओं ने गांधी के सत्य-अहिंसा, शास्त्री की सादगी और राष्ट्रसेवा तथा मसूरिया दिन पासी के संघर्ष और सामाजिक न्याय से जुड़े योगदान को याद किया। कार्यक्रम में राम धीरज, फसाहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, गुलशन अली, वीरेंद्र कपूर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
वहीं, गांधी जयंती पर एनएसयूआई उत्तर प्रदेश (पूर्वी) ने शास्त्री घाट से जिला मुख्यालय तक जन आक्रोश मार्च निकाला। प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच, लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
आम आदमी पार्टी ने जिला कैंप कार्यालय पितरकुंडा में गांधी और शास्त्री जयंती मनाई। कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, जिला महासचिव घनश्याम पांडे, अब्दुल्ला खान, रेखा जायसवाल, गुलाब सिंह राठौड़, राहुल द्विवेदी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।