NEET से लेकर चढ़ावा चोरी तक अजय राय का हमला, बोले- 'पीएम को अधिकारी कर रहे गुमराह'
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, NEET परीक्षा, चढ़ावा चोरी प्रकरण और बिहार की राजनीति समेत कई मुद्दों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सरकार प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि अधिकारी चला रहे हैं और प्रधानमंत्री को वास्तविक स्थिति से दूर रखा जा रहा है।
अजय राय ने NEET परीक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि परीक्षा से जुड़े मामलों में लगातार भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोबारा आयोजित परीक्षा की तारीख तक गलत बताई गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री तक सही जानकारी नहीं पहुंच रही है। उनका कहना था कि अधिकारी प्रधानमंत्री को गुमराह कर रहे हैं और यही वजह है कि सरकार की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पत्नी तक का ध्यान नहीं रखते और इस तरह की टिप्पणी करते हुए केंद्र सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने 8 अगस्त को प्रयागराज में होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया। पोस्टर में "जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा" का नारा प्रमुखता से लिखा गया है। अजय राय ने कहा कि युवाओं के रोजगार का मुद्दा कांग्रेस की प्राथमिकता है और इसी संदेश को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
चढ़ावा चोरी मामले पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार और मंदिर प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले में अभी तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि मंदिर प्रशासन से जुड़े चंपत राय के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। साथ ही आरोपी अनिल मिश्रा के गेरुआ वस्त्र पहनकर मंदिर में नजर आने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई और कहा कि संतों का अपमान करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा चढ़ावा चोरी मामले में रसीद दिखाए जाने संबंधी बयान पर भी अजय राय ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावे की कोई रसीद नहीं दी जाती और ऐसा बयान हताशा में दिया गया है। राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि बिहार और मध्य प्रदेश में कांग्रेस समर्थित दलों की सफलता यह संकेत देती है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह वाराणसी और उत्तर प्रदेश में भी जनता परिवर्तन का निर्णय करेगी। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन नबीन के अपने बूथ पर हारने का भी उल्लेख किया।
अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि यदि वह संघ का कार्य करना चाहती हैं तो पहले सांसद पद से इस्तीफा देकर पूर्णकालिक प्रचारक बनें।