बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर में मुफ्त हाई-स्पीड Wi-Fi सेवा शुरू, मरीजों और छात्रों को मिलेगा लाभ

शहर में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम और बीएसएनएल के संयुक्त प्रयास से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) एवं बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में निःशुल्क हाई-स्पीड Wi-Fi सेवा का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा का उद्घाटन महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया। इसके तहत बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर आने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों, मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को प्रतिदिन दो घंटे तक मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
 

वाराणसी। शहर में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम और बीएसएनएल के संयुक्त प्रयास से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) एवं बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में निःशुल्क हाई-स्पीड Wi-Fi सेवा का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा का उद्घाटन महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया। इसके तहत बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर आने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों, मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को प्रतिदिन दो घंटे तक मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में बीएचयू कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह, बीएसएनएल वाराणसी के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता सहित विश्वविद्यालय, नगर निगम और बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में इस पहल को वाराणसी को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान दौर में इंटरनेट केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, शोध और सूचना तक पहुंच का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर और ट्रॉमा सेंटर में निःशुल्क इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होने से छात्रों और शोधार्थियों को अध्ययन एवं शोध कार्यों में सहायता मिलेगी, वहीं मरीजों और उनके परिजनों को भी विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं तक आसान पहुंच प्राप्त होगी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को आधुनिक और बेहतर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में मुफ्त हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा शुरू होने से लोगों को डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन दस्तावेज, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। यह सुविधा विशेष रूप से उन मरीजों और उनके परिजनों के लिए उपयोगी साबित होगी जो इलाज के दौरान लंबे समय तक अस्पताल परिसर में रहते हैं।

बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि उपयोगकर्ता अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉगिन कर प्रतिदिन दो घंटे तक मुफ्त इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में वाराणसी के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इस तरह की सुविधाओं का विस्तार करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करने और डिजिटल इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की। इस नई सेवा के शुरू होने से बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर में प्रतिदिन आने वाले हजारों लोगों को बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे वाराणसी के डिजिटल विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।