मिर्जामुराद में बारिश का कहर, चार कच्चे मकान ढहे, घरों में घुसा पानी
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में करीब 12 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार बारिश के चलते बेनीपुर गांव की मुख्य सड़क जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर पानी भरने से जहां राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हुई, वहीं कई घरों और दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। बारिश के दौरान चार कच्चे मकान धराशायी होने से गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। पीड़ित परिवारों ने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है।
बेनीपुर गांव में बारिश के दौरान पेड़ा पटेल, सुरेश विश्वकर्मा, बबलू भुजा और किशन पटेल के कच्चे मकान गिर गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। ग्रामीणों ने परिवार के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि मकान गिरने से घर में रखा सामान मलबे के नीचे दब गया, जिससे परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मुख्य सड़क पर जलभराव से घरों में घुसा पानी
बेनीपुर गांव की मुख्य सड़क पर भारी जलभराव के कारण आसपास के लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। राजकुमार गुप्ता, शीतला प्रसाद गुप्ता उर्फ फुचई, बसंत लाल गुप्ता, सर्वजीत गुप्ता, मंगरू गुप्ता, अशोक मोदनवाल, विष्णु गुप्ता, रोहित गुप्ता और दीनानाथ विश्वकर्मा समेत दर्जनों दुकानदारों और ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया।
घर में पानी भरने के बाद लोगों को जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुकानों में पानी घुसने से सामान खराब होने की भी आशंका बनी रही। मुख्य सड़क पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तालाब पर अतिक्रमण को बताया जलभराव की वजह
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के तालाब पर अतिक्रमण होने के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित हो गई है। उनका कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष बारिश के मौसम में मुख्य सड़क और आसपास के घर जलमग्न हो जाते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब को अतिक्रमणमुक्त कराने और बारिश के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
दर्जनों गांवों में भी जलभराव
मिर्जामुराद क्षेत्र के गणेशपुर, मुबारकपुर, नागेपुर, मेहंदीगंज, पूरे रूपापुर, गौर, खालिसपुर और खजूरी समेत कई गांवों में भी लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी रही। मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में भी पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को परेशानी हुई। लगातार बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कराने, जलनिकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने और बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।