बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का निधन, पीएम ने एक्स पर पोस्ट कर दी श्रद्धांजलि
पटना/वाराणसी। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का सोमवार देर रात निधन (Sushil Modi Death) हो गया। 72 वर्षीय सुशील मोदी कैंसर से पीड़ित थे। इसकी जानकारी बिहार के डिप्टी सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी।
सुशील मोदी बीते छह महीने से कैंसर से पीड़ित थे। वह बिहार भाजपा (BJP Bihar) में एक बड़ा चेहरा थे। वह पहली बार 1990 में बिहार विधानसभा से पहली बार विधायक चुने गये थे। इसके बाद वर्ष 1995 और वर्ष 2000 में भी विधायक निर्वाचित हुए थे। वह लगातार तीन बार विधायक रहे।
सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) का तीन दशक लंबा राजनीतिक करियर रहा है। इस दौरान वह विधायक, एमएलसी, लोकसभा सांसद और राज्यसभा सांसद भी रहे। बिहार सरकार में वित्त मंत्री तक का पद संभाला। वह दो बार बिहार के डिप्टी सीएम रहे। पहली बार 2005 से 2013 तक और दूसरी बार 2017 से 2020 तक डिप्टी सीएम का पद संभाला।
सुशील मोदी के निधन पर पीएम मोदी (PM Modi) ने श्रद्धांजलि दी है। पीएम ने उन्हें याद करते हुए लिखा, ‘पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!’