IIT (BHU) में पहली बार होगा ‘उत्थान’, नवाचार, शोध और पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का होगा उत्सव
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) 29 जून को अपने इतिहास में पहली बार Institute Day–2026 "उत्थान" का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान उपलब्धियों, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक योगदान का उत्सव होगा। आयोजन का उद्देश्य संस्थान की विकास यात्रा को रेखांकित करने के साथ-साथ भविष्य के सहयोग, नवाचार और उद्योग–शिक्षा साझेदारी के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का आयोजन बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में सुबह 9 बजे से होगा। इसमें विशिष्ट अतिथि, पूर्व छात्र, संकाय सदस्य, शोधार्थी, विद्यार्थी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नवाचारकर्ता और विभिन्न हितधारक भाग लेंगे। संस्थान इसे एक वार्षिक मंच के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है, जहां उत्कृष्टता और नवाचार का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम का सबसे प्रतिष्ठित आकर्षण Distinguished Alumnus/Alumnae Awards–2025 होगा। इस अवसर पर IIT (BHU) और पूर्ववर्ती आईटी-बीएचयू के 12 विशिष्ट पूर्व छात्रों को शिक्षा, उद्योग, उद्यमिता, अनुसंधान, सार्वजनिक जीवन और संस्थान के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। युवा उपलब्धि श्रेणी में 45 वर्ष से कम आयु के प्रतिभाशाली पूर्व छात्रों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
संस्थान की शोध एवं नवाचार क्षमता को सम्मानित करते हुए वर्ष 2025-26 में 88 पेटेंट प्राप्त करने वाले 69 संकाय सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि बौद्धिक संपदा सृजन, तकनीकी विकास और शोध को सामाजिक एवं औद्योगिक उपयोग में परिवर्तित करने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
‘उत्थान’ का एक प्रमुख आकर्षण Innovation and Technology Showcase होगा, जिसमें 79 थीमैटिक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों में स्टार्टअप्स, शैक्षणिक विभाग, उत्कृष्टता केंद्र, उद्योग और संस्थागत इकाइयां अपनी नवीन तकनीकों और परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डीप टेक, एग्रीटेक, मेडटेक, ई-मोबिलिटी, रक्षा प्रौद्योगिकी, सतत विकास, उन्नत कंप्यूटिंग और बहुविषयी अनुसंधान जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्टार्टअप्स को अपने नवाचार और उत्पादों को निवेशकों एवं विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। चयनित स्टार्टअप्स के लिए पिच सत्र आयोजित होंगे, जिनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें सीड फंडिंग सहायता प्रदान की जाएगी।
दोपहर बाद उद्योग–शिक्षा सहयोग, कृषि क्षेत्र में ज्ञान प्रसार और स्टार्टअप विकास को लेकर विभिन्न समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे। IIT (BHU) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि "उत्थान" संस्थान की उत्कृष्टता, परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह आयोजन शिक्षा, अनुसंधान, उद्योग और समाज के बीच मजबूत संवाद स्थापित कर नवाचार आधारित विकास को नई दिशा देगा।