गर्मी की छुट्टियों से पहले फ्लाइट्स फुल, वाराणसी से बड़े शहरों की 90 फीसदी सीटें बुक, हिल स्टेशनों के लिए सीधी उड़ान नहीं
वाराणसी। गर्मी की छुट्टियों को लेकर हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ने लगी है। बोर्ड परीक्षाओं के समाप्ति की ओर बढ़ने, अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत और 15 मई के बाद पड़ने वाली गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए यात्रियों ने अभी से टिकट बुक करना शुरू कर दिया है। इसका असर यह है कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और जम्मू जाने वाली उड़ानों में करीब 90 प्रतिशत सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा से इन प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। हालांकि, वाराणसी से किसी भी प्रमुख हिल स्टेशन के लिए सीधी विमान सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को पहले बड़े शहरों तक उड़ान भरनी पड़ती है और वहां से दूसरी फ्लाइट लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होता है।
गर्मी के मौसम में लोग बड़ी संख्या में पहाड़ी क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं, ऐसे में हिल स्टेशनों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स की मांग भी बढ़ गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने किराए में बढ़ोतरी की संभावना जताई है, हालांकि फिलहाल एडवांस बुकिंग के चलते सामान्य किराया ही लागू है।
एयरलाइन कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों ने महंगे किराए से बचने के लिए पहले ही टिकट बुक कर ली हैं। इंडिगो के सेल्स अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद के लिए उड़ानों में 90 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं। वहीं अकासा एयर के प्रतिनिधियों ने भी इसी तरह की स्थिति की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए 29 मार्च से वाराणसी से नवी मुंबई के लिए नई उड़ान सेवा शुरू की जा रही है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।