बाबतपुर एयरपोर्ट पर रनवे में डेब्रिस मिलने से हड़कंप, दो घंटे प्रभावित रहा उड़ान संचालन

बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे पर डेब्रिस (मलबा) मिलने से हड़कंप मच गया। विमान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल रनवे को विमानों के संचालन के लिए बंद कर दिया। करीब डेढ़ से दो घंटे तक रनवे बंद रहने के कारण वाराणसी आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुईं। कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि एक उड़ान रद्द कर दी गई।
 

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे पर डेब्रिस (मलबा) मिलने से हड़कंप मच गया। विमान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल रनवे को विमानों के संचालन के लिए बंद कर दिया। करीब डेढ़ से दो घंटे तक रनवे बंद रहने के कारण वाराणसी आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुईं। कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि एक उड़ान रद्द कर दी गई।


अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे एक पायलट ने रनवे पर डेब्रिस पड़े होने की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरपोर्ट प्रशासन को दी। रनवे पर किसी भी तरह की वस्तु या मलबा विमान के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। सूचना मिलते ही सुरक्षा मानकों के तहत रनवे को तत्काल बंद कर दिया गया। इसके बाद एयरपोर्ट की टीमों ने रनवे का निरीक्षण किया और डेब्रिस को हटाने के साथ आवश्यक सफाई एवं मेंटेनेंस का कार्य कराया।


जांच और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद करीब डेढ़ से दो घंटे में रनवे को दोबारा विमानों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रनवे को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। सफाई और मेंटेनेंस का कार्य पूरा होने के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य कर दिया गया।


कई उड़ानें हुईं प्रभावित
रनवे बंद होने का सीधा असर वाराणसी आने वाली उड़ानों पर पड़ा। दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-5025 को अयोध्या एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया। इसी तरह पुणे से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6802 को लखनऊ एयरपोर्ट भेजना पड़ा। वाराणसी से हिंडन जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-2590 को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा दिल्ली समेत अन्य शहरों के लिए जाने वाली कई उड़ानों में भी देरी हुई।


यात्रियों में बढ़ी परेशानी
उड़ानों के डायवर्जन, रद्द होने और देरी की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में यात्री अपनी उड़ानों का अपडेट लेने के लिए संबंधित एयरलाइंस के हेल्प डेस्क पर पहुंचे। अचानक हुए बदलाव के कारण कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा की योजना में भी बदलाव करना पड़ा।