राजातालाब में मालवाहक की टक्कर से दीवार गिरी, पांच वर्षीय मासूम की मौत

राजातालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव में तेज रफ्तार मालवाहक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गया। इससे दीवार भरभराकर गिर गई और इसकी चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्ची को चोटें आईं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 
 

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव में तेज रफ्तार मालवाहक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गया। इससे दीवार भरभराकर गिर गई और इसकी चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्ची को चोटें आईं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

सरैया निवासी महादेव का नाती अनुराग आंगनबाड़ी केंद्र पर था। दोपहर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज देवी बच्चों को लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के बाहर की ओर से आ रहा एक मालवाहक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन की गति तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। वाहन सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गया, जिससे दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे की चपेट में आने से अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया। हादसे में सरोज देवी और एक अन्य बच्ची को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।