कपसेठी में बगीचे में चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने पांच जुआरियों को दबोचा
वाराणसी। गोमती जोन के कपसेठी थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के 52 पत्ते, मालफड़ की नकदी और जामा तलाशी के दौरान कुल 15,150 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 मई को थाना कपसेठी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरकी के पीछे स्थित एक बगीचे में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और पांच लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश कुमार, दिवाकर पांडेय, लवकुश बिंद, गणेश बिंद और रंगबहादुर पटेल के रूप में हुई है। इनमें से चार आरोपी ग्राम बरकी के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी पुरेबरियार गांव का रहने वाला बताया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ताश के पूरे 52 पत्ते बरामद किए। इसके अलावा जुए में लगाए गए मालफड़ से 13,030 रुपये नकद तथा आरोपियों की तलाशी में 2,120 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कपसेठी में मुकदमा संख्या 73/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस नियमित रूप से चेकिंग और गश्त कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक करूणा सागर तिवारी, आशीष कुमार, अभिषेक कुमार तिवारी, शशांक राय, रवि प्रकाश सिंह समेत थाना कपसेठी की पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।