सीवर जाम करने वालों पर होगी एफआईआर, मंत्रियों ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्रा दयालु और हंसराज विश्वकर्मा ने सर्किट हाउस में नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों संग मीटिंग की। इसमें नगर में जलभराव की समस्या को लेकर चर्चा की गई। मंत्रियों ने निर्देशित किया कि सीवर जाम करने अथवा जलनिकासी की व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। 
 

वाराणसी। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्रा दयालु और हंसराज विश्वकर्मा ने सर्किट हाउस में नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों संग मीटिंग की। इसमें नगर में जलभराव की समस्या को लेकर चर्चा की गई। मंत्रियों ने निर्देशित किया कि सीवर जाम करने अथवा जलनिकासी की व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। 

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जलभराव वाले स्थानों पर लगातार नजर रखी जाए और पानी की निकासी के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। नालों और प्राकृतिक जल निकासी मार्गों को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।

जल निकासी में बाधा पर कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर नालियों और नालों का पानी सड़क पर आने की शिकायत मिल रही है, वहां मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया जाए। समीक्षा के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति, नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली गई। बैठक में कहा गया कि बरसात के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विभागों में समन्वय पर जोर
मंडलायुक्त ने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम समेत संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना जरूरी है। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।