दालमंडी में ध्वस्तीकरण के लिए अंतिम कार्रवाई, पांच भवनों पर चला हथौड़ा
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया के तहत सोमवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने पांच भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। कुछ हिस्सों को बुलडोजर से गिराया गया, जबकि कई जगह हथौड़े से भी भवनों को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
दालमंडी में चौड़ीकरण की योजना के तहत पूर्व में भी कई भवनों और उनके हिस्सों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार सोमवार को की जा रही कार्रवाई अंतिम चरण की है। जिन भवन स्वामियों के भवनों के अधिग्रहण और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें निर्धारित धनराशि का भुगतान किया जा चुका है।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि चौड़ीकरण परियोजना के तहत अब तक करीब 172 से 173 भवनों पर कार्रवाई हो चुकी है। शेष भवनों में सोमवार को पांच भवनों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि अधिग्रहण और मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही भवनों को हटाया जा रहा है।
कार्रवाई को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि अंतिम पांच भवनों को हटाने की कार्रवाई चल रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
ध्वस्तीकरण के दौरान पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। बुलडोजर और मजदूरों की मदद से भवनों के चिन्हित हिस्सों को हटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई पूरी होने के बाद चौड़ीकरण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। क्षेत्र में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस की निगरानी जारी रही।