काशी में क्रिकेट का महोत्सव: 1 से 5 अप्रैल तक रोटरी प्रीमियर लीग, खेल के साथ सेवा की अनूठी पहल
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी अब खेल, सेवा और सामाजिक सरोकारों के अद्भुत संगम की साक्षी बनने जा रही है। रोटरी क्लब बनारस द्वारा ‘ओमेगा प्लस RPL 3120 (रोटरी प्रीमियर लीग)’ का आयोजन 1 से 5 अप्रैल 2026 तक डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। यह आयोजन स्वर्गीय डॉ. नंद लाल अग्रवाल की स्मृति को समर्पित है।
टूर्नामेंट का शुभारंभ 1 अप्रैल को शाम 5 बजे सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी द्वारा भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। इस लीग में कुल 16 टीमें भाग लेंगी। मैच प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 9 बजे तक और शाम 6 बजे से खेले जाएंगे। लीग चरण के मुकाबले 10-10 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 12-12 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51,000 रुपये, उपविजेता को 25,000 रुपये और सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 15,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। 4 अप्रैल को पूर्व वरिष्ठ खिलाड़ियों को आमंत्रित कर उनके योगदान का सम्मान किया जाएगा, जबकि 5 अप्रैल को फाइनल मुकाबले के बाद रात 9 बजे भव्य अवार्ड सेरेमनी आयोजित होगी। इसमें विजेता-उपविजेता टीमों के साथ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट गेंदबाज को सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन की एक विशेष पहल के तहत 5 अप्रैल को महिलाओं का विशेष मैच भी आयोजित किया जाएगा, जो नारी शक्ति को समर्पित होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल कौशल को मंच देना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रसारित करना है।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि इस लीग का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। चेयरमैन मनीष पांडेय ने बताया कि इस टूर्नामेंट को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित करने की योजना है। वहीं मुख्य सलाहकार आलोक पारिख ने इसे युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।
क्लब अध्यक्ष विजय जायसवाल ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ “खेलो इंडिया” जैसे राष्ट्रीय विजन को भी आगे बढ़ाता है। इस लीग की सबसे खास बात इसका सामाजिक उद्देश्य है। आयोजन के माध्यम से करीब 500 दिव्यांगजनों को निःशुल्क चिकित्सीय सुविधाएं और कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह पहल समाज में संवेदनशीलता और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह आयोजन विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से संपन्न हो रहा है और रोटरी नेतृत्व के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। रोटरी क्लब बनारस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस खेल और सेवा के महाकुंभ का हिस्सा बनें।