वाराणसी में पकड़ाया चंदौली निवासी फर्जी दरोगा, एसआई व प्रेस के फर्जी आईकार्ड मिले, चार मोबाइल बरामद, स्कार्पियो सीज
वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने कूटरचित पुलिस और प्रेस आई-कार्ड का इस्तेमाल कर टोल शुल्क और पुलिस कार्रवाई से बचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी पुलिस व प्रेस आई-कार्ड के साथ चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात थाना लालपुर पांडेयपुर की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पांडेयपुर चौराहे के पास बाटा शोरूम के सामने एक स्कॉर्पियो खड़ी मिली। वाहन के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस टीम ने वाहन चालक से पूछताछ की तो उसने खुद को प्रेस रिपोर्टर बताया और अपनी पहचान के लिए प्रेस आई-कार्ड प्रस्तुत किया।
इसके बाद चालक ने पुलिस उपनिरीक्षक का आई-कार्ड भी दिखाया। पुलिस द्वारा कार्डों की जांच किए जाने पर दोनों कूटरचित पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान अनुभव आनंद पांडेय, निवासी धानापुर, चंदौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कूटरचित उत्तर प्रदेश पुलिस आई-कार्ड, एक कूटरचित प्रेस आई-कार्ड और एप्पल, सैमसंग, वीवो तथा सोनी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने स्कॉर्पियो को भी सीज कर दिया।
मामले में थाना लालपुर पांडेयपुर में मुकदमा अपराध संख्या 301/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 204, 336 और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर कूटरचित आई-कार्ड के इस्तेमाल और इसके पीछे की अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, प्रद्युम्न राय, हेड कांस्टेबल पवन कुमार सिंह और कांस्टेबल अमरेश यादव की टीम ने की।