अस्सी घाट पर गंगा आरती के नाम पर वसूली? महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं का बड़ा आरोप
वाराणसी। अस्सी घाट पर गंगा आरती देखने पहुंचे महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं ने वसूली और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि आरती देखने के लिए उनसे कुर्सी के नाम पर 100 से 200 रुपये तक मांगे गए और पैसे न देने पर उन्हें वहां से हटा दिया गया। इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
30 श्रद्धालुओं का समूह, हजारों किलोमीटर दूर से पहुंचे थे काशी
नकारी के अनुसार महाराष्ट्र से करीब 30 श्रद्धालुओं का समूह वाराणसी पहुंचा था। उनका कहना है कि वे हजारों किलोमीटर दूर से श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ काशी आए थे, लेकिन यहां उनके साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, उसने उन्हें निराश कर दिया।
सीढ़ियों पर बैठकर आरती देखने से भी रोका गया
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे गंगा आरती को शांतिपूर्वक देखने के लिए घाट की सीढ़ियों पर बैठना चाहते थे, लेकिन उन्हें वहां से भी उठा दिया गया। आरोप है कि उन्हें केवल इसलिए हटाया गया क्योंकि उन्होंने कुर्सी के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया था।
बिना रसीद पैसे लेने और डराने-धमकाने का आरोप
श्रद्धालुओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई लोगों से पैसे वसूले गए, लेकिन बदले में कोई रसीद नहीं दी गई। साथ ही, पैसे मांगने के दौरान डराने-धमकाने जैसी स्थिति भी बनाई गई, जिससे लोग असहज महसूस कर रहे थे।
आस्था के साथ खिलवाड़ का आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
श्रद्धालुओं का कहना है कि वे आस्था और विश्वास के साथ काशी आए थे, लेकिन इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी श्रद्धालु को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
देखें वीडियो