गंगा घाटों पर हो रहे आयोजन, भर रहा नगर निगम का खजाना, आठ दिन में आठ आयोजकों ने ली अनुमति
वाराणसी। गंगा घाटों पर कार्यक्रमों के आयोजन के लिए नगर निगम से अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है। आयोजक घाट पर आयोजन के लिए निगम प्रशासन से अनुमति ले रहे हैं। आठ दिनों में आठ आयोजकों ने अनुमति ली। इससे नगर निगम का खजाना भर रहा है। आयोजकों ने तीन लाख शुल्क जमा कराया।
गंगा घाट पर फिल्म की शूटिंग के लिए नगर निगम प्रशासन से अनुमति ली गई। अधिकारियों ने बताया कि घाटों पर धार्मिक, सामाजिक सहित अन्य तरह के कार्यक्रम करने के लिए किराया निर्धारित किया गया है। प्रति वर्गमीटर 880 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
नगर निगम प्रशासन की ओर से ऑनलाइन शुल्क जमा करने की व्यवस्था की गई है। स्मार्ट काशी एप के जरिये ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आयोजकों को घाट पर जहां कार्यक्रम आयोजित करना है, वहां की फोटो, आयोजनकर्ता के आधार का विवरण अपलोड करना होगा।
शुल्क के भुगतान के बाद जोनल अधिकारी आवेदन का सत्यापन करेंगे। जोनल अधिकारी की आख्या के आधार पर स्थल बुकिंग की अनुमति दी जा रही है।